मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जारी हुआ आदेश, देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत के सम्मान में लिया गया निर्णय
News127अल्मोड़ा, 29 नवंबर। देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए अल्मोड़ा स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के क्रीड़ा मैदान का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि डायट स्थित क्रीड़ा मैदान का पुनर्निर्माण कराया गया है। इसका उद्देश्य जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। अब इस मैदान का नामकरण शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर किया जाएगा।
आतंकवाद विरोधी अभियान में दिया था सर्वोच्च बलिदान
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने 8 जून 2024 को 5 असम रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त कर सैन्य अधिकारी के रूप में सेवाएं शुरू की थीं। जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान 6 जून 2026 को राजौरी में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए देश के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी शहीद की वीरगाथा
शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर क्रीड़ा मैदान का नामकरण उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को सम्मान देने की पहल है। यह मैदान आने वाली पीढ़ियों को उनकी शहादत की याद दिलाने के साथ देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना के लिए प्रेरित करेगा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों को नामकरण की प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


