अल्मोड़ा में संविधान दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक, विकास भवन में होगा मुख्य कार्यक्रम




Listen to this article

News127, अल्मोड़ा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को संविधान दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई, जिसमें जनपद के कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 26 नवंबर को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में संविधान दिवस मनाया जाए और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ हो, ताकि अधिकारियों-कर्मचारियों को संवैधानिक मूल्यों व आदर्शों के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने बताया कि संविधान दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम विकास भवन सभागार में आयोजित होगा। इसमें विधि विशेषज्ञ मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों के साथ विभिन्न कानूनों और उनके प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को सरल भाषा में कानूनों की जानकारी दी जाए, जिससे वे उनके उद्देश्य और महत्व को समझ सकें। साथ ही उन्होंने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और संवैधानिक दायित्व निभाने को हर नागरिक की जिम्मेदारी बताया तथा विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अनामिका, एडीएम युक्ता मिश्र और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।