चंडी चौक पर पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच हुआ भव्य स्वागत, 1 दिसंबर को होगा छावनी स्थापना का भूमिपूजन
News127 हरिद्वार।
हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात ने मंगलवार शाम कुंभ नगरी हरिद्वार में प्रवेश किया। चंडी चौक पर बैंड-बाजे की मंगल ध्वनि, पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष के बीच रमता पंचों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साधु-संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने माहौल को पूरी तरह धर्ममय बना दिया।
स्वागत समारोह में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, दयानंद सरस्वती तथा उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह सहित मेला प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने जूना अखाड़े के रमता पंचों और संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस दौरान जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि, उपाचार्य ब्रह्मनिष्ठ सुश्री कपिलपुरी महाराज, प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि, वरिष्ठ अध्यक्ष उमाशंकर भारती, उपाध्यक्ष विद्यानंद सरस्वती और महामंत्री केदार पुरी सहित अनेक वरिष्ठ संत एवं नागा साधु मौजूद रहे।
अखाड़ों की छावनी स्थापना और पेशवाई की तैयारियां होंगी तेज
रमता पंच अखाड़े के वरिष्ठ संतों और प्रतिनिधियों का वह समूह होता है, जो कुंभ सहित प्रमुख धार्मिक अवसरों पर अखाड़े की परंपराओं के अनुसार यात्रा करता है। कुंभ में छावनी स्थापना, भूमिपूजन, धर्मध्वजा स्थापना और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के संचालन में रमता पंचों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनके नगर प्रवेश को कुंभ की धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है।
रमता पंचों के आगमन के साथ ही कुंभ क्षेत्र में अखाड़ों की छावनियां बसाने, भूमिपूजन, धर्मध्वजा स्थापना और पेशवाई की तैयारियां तेज होंगी। आने वाले दिनों में अन्य अखाड़े भी अपनी परंपराओं के अनुसार धार्मिक गतिविधियां शुरू करेंगे।
जूना अखाड़े के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक दिसंबर 2026 को छावनी स्थापना के लिए भूमिपूजन, 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी 2027 को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी।
अखाड़ों की परंपराओं का पूरा सम्मान, सुविधाओं के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध: सोनिका
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियां अखाड़ों, साधु-संतों और संबंधित विभागों के समन्वय से की जा रही हैं। अखाड़ों की धार्मिक परंपराएं कुंभ की विशिष्ट पहचान हैं। मेला प्रशासन इनका पूरा सम्मान करते हुए आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप कुंभ से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्थाएं मिल सकें तथा हरिद्वार कुंभ को उसकी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप दिव्य और भव्य स्वरूप दिया जा सके।
कुंभ-2027 के प्रमुख स्नान पर्व
| तिथि | स्नान पर्व |
|---|---|
| 14 जनवरी | मकर संक्रांति |
| 6 फरवरी | मौनी अमावस्या |
| 11 फरवरी | बसंत पंचमी |
| 20 फरवरी | माघ पूर्णिमा |
| 6 मार्च | महाशिवरात्रि (अमृत स्नान) |
| 8 मार्च | फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान) |
| 15 मार्च | देव डोलियों का अमृत स्नान |
| 7 अप्रैल | नव संवत्सर |
| 14 अप्रैल | मेष संक्रांति (अमृत स्नान) |
| 15 अप्रैल | श्रीराम नवमी |
| 20 अप्रैल | चैत्र पूर्णिमा |


