दिल्ली-बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल में छिपकर रह रहा था आरोपी
news127, देहरादून।
उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अपराधी शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2009 में देहरादून के वसंत विहार क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर में घुसकर हथियारों के बल पर की गई लूट की वारदात में वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने और पहचान बदल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा निवासी वसंत विहार, देहरादून ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि पांच हथियारबंद बदमाशों ने उनके घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और घातक हथियारों से चोट पहुंचाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। मामले में थाना वसंत विहार में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने वारदात में मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर चार आरोपियों राशिद, बबलू, इमरान और समद को 6 अगस्त 2009 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि पांचवां आरोपी शौकत अली पुत्र लतीफ घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
लगातार गिरफ्तारी से बचने पर तत्कालीन एसएसपी देहरादून ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी।
पहचान छिपाकर कर रहा था टाइल्स लगाने का काम
एसटीएफ को लंबे समय से आरोपी की तलाश थी। टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान जानकारी मिली कि शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। इसके बाद एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे थाना भाटपाड़ा क्षेत्र, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से मेरठ का रहने वाला है और गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, बिहार तथा पश्चिम बंगाल में अलग-अलग ठिकानों पर रह रहा था। वर्तमान में उसकी उम्र 54 वर्ष है।
हत्या, लूट और रंगदारी समेत 11 मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शौकत अली का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मेरठ के थाना देहली गेट में दर्ज हत्या और रंगदारी के मुकदमों के अलावा हल्द्वानी कोतवाली में वर्ष 2009 में दर्ज लूट और डकैती से संबंधित मुकदमा भी शामिल है।
एसटीएफ और दून पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधियों की धरपकड़ के अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वांछित और इनामी अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में शामिल टीम
एसटीएफ की टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगई, वीरेंद्र नौटियाल, बिजेंद्र चौहान तथा कांस्टेबल अनिल कुमार और मोहन असवाल शामिल रहे।
थाना वसंत विहार पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार शर्मा और अपर उपनिरीक्षक गंभीर सिंह ने कार्रवाई में सहयोग किया।


