News127 पिथौरागढ़।
बरम-कनार सड़क निर्माण की मांग को लेकर रामलीला मैदान स्थित अधिसूचित धरना स्थल पर ग्रामीणों का धरना और भूख हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने सड़क निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया से जुड़ी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रकरण को प्राथमिकता पर रखते हुए संबंधित विभागों के तालमेल से आगे की कार्रवाई तेज की जा रही है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, पीएमजीएसवाई धारचूला के अधिशासी अभियंता किशन सिंह ऐरी और उप प्रभागीय वनाधिकारी की मौजूदगी में ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल पर संतोष जताते हुए आंदोलन खत्म किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, जबकि ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के प्रयासों पर आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह परिहार, ग्राम प्रधान सरिता देवी, भरत सिंह, चंद्र सिंह, पार्वती देवी, बीरमा देवी, तुलसी देवी, प्रकाश परिहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

