कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब




Listen to this article
  • ब्रह्म मुहूर्त से ही हरकी पैड़ी समेत तमाम घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

न्यूज 127, हरिद्वार।
धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा का पावन स्नान पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। ब्रह्म मुहूर्त से ही हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड समेत शहर के तमाम गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गंगा घाटों पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और विधि-विधान से दीपदान कर पुण्य अर्जित किया।

सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व माना गया है। इस दिन को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने पृथ्वी पर दीपोत्सव मनाया था। इसी कारण कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान की विशेष महत्ता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण किया था। यही वजह है कि इस अवसर पर भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु व्रत, पूजा-पाठ, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से ईश्वर की कृपा प्राप्त करने की कामना करते हैं।

पं. देवेंद्र शुक्ल शास्त्री ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान करना अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। मान्यता है कि इस समय पवित्र नदी में स्नान करने से आध्यात्मिक शुद्धि और पुण्य की प्राप्ति होती है। स्नान के बाद जरूरतमंदों को गुड़, तिल, अन्न और ऊनी वस्त्रों का दान करना शुभ माना जाता है। उन्होंने बताया कि इस दिन दीपदान कर भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना करने के साथ पितरों की शांति के लिए भी प्रार्थना की जाती है।

घाटों पर दिनभर बनी रही श्रद्धालुओं की चहल-पहल
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के चलते हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड सहित गंगा के तमाम घाटों पर सुबह से लेकर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने गंगा स्नान कर पूजन किया और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। कई श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीपदान कर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। स्नान पर्व के चलते गंगा घाटों के आसपास के बाजारों और मंदिरों में भी खासी चहल-पहल देखने को मिली।

दो सुपर जोन और 30 सेक्टरों में बांटा मेला क्षेत्र
स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया था। हरकी पैड़ी सहित प्रमुख गंगा घाटों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ की निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।

डायवर्जन प्लान लागू कर संभाला यातायात
शहर में यातायात का दबाव नियंत्रित रखने के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया। हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रखी गई, जबकि प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात रही। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने और घाटों पर सतर्कता बरतने की अपील की।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तीर्थनगरी के अखाड़ों, आश्रमों और मठ-मंदिरों में भी धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मां गंगा के जयकारों, पूजा-अर्चना और दीपदान की परंपरा के बीच पूरी धर्मनगरी आध्यात्मिक रंग में रंगी नजर आई।