न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना की और संगत व प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी ने ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठाकर प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और कमाई को दूसरों के साथ बांटने की शिक्षाएं जीवन को दिशा देती हैं, जबकि ‘सरबत दा भला’ की भावना और संगत-लंगर की परंपरा सामाजिक समानता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा राहत और समाजसेवा में सिख समुदाय के योगदान को भी सराहा।
सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने सिख आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें करतारपुर साहिब कॉरिडोर और गोविंदघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे की मंजूरी शामिल है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष सहूलियत मिलेगी। उन्होंने लोगों से ईमानदारी से कर्तव्य निभाने, जरूरतमंदों की मदद करने और सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में साध संगत मौजूद रही।


