पौड़ी में शीतलहर से बचाव को लेकर प्रशासन अलर्ट: रैन बसेरों, अलाव और पाला प्रभावित मार्गों पर सख्त निर्देश




Listen to this article

न्यूज 127, पौड़ी।
शीत ऋतु में जनसुरक्षा और आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में शीतलहर से बचाव एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों से क्षेत्रीय तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि ठंड में कोई भी व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो, क्योंकि जरूरतमंदों व निराश्रितों को राहत देना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने नगर निकायों और उपजिलाधिकारियों को रैन बसेरों में कंबल, तकिए, बिस्तर, शौचालय, पेयजल और हीटर जैसी सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही रैन बसेरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने को कहा। अलाव जलाने वाली टीमों को शाम के समय बेसहारा लोगों को चिह्नित कर रैन बसेरों तक पहुंचाने और सूची के अनुसार निःशुल्क कंबल बांटने के निर्देश दिए गए। बस स्टेशन, चौराहों, प्रमुख पड़ावों, ग्रामीण बाजारों व धार्मिक स्थलों पर अलाव जलाने तथा नियमित व आकस्मिक निरीक्षण करने को कहा गया।

पाला प्रभावित संवेदनशील मार्गों, तीखे मोड़ों और अधिक ठंड वाले स्थानों पर लोक निर्माण विभाग को चूना व नमक का छिड़काव करने तथा बर्फबारी की आशंका वाले क्षेत्रों में समय रहते कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश मिले। निराश्रित पशुओं के लिए पशु चिकित्साधिकारी को एडवाइजरी जारी करने, गौशालाओं में आश्रय, अलाव, चारा व दवाएं रखने और लापरवाह पशुपालकों के चालान चलाने के आदेश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को ठंड से बचाव, खासकर गर्भवती महिलाओं व स्ट्रोक मरीजों की सावधानियों को लेकर एक सप्ताह में प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाने को कहा गया। पूर्ति विभाग ने बताया कि दो गोदामों में तीन माह का अग्रिम राशन मंगवाया गया है, वहीं यूपीसीएल को विद्युत भार व फ्यूज उड़ने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी पी आर चौहान, प्रभारी एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, सीवीओ डॉ विशाल शर्मा व डीडीएमओ दीपेश काला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।