महर्षि वाल्मीकि जयंती पर पीएम मोदी ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं, कहा- उनके सद्विचार भारतीय संस्कृति के मूल तत्व




Listen to this article

News 127, नई दिल्ली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महर्षि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि के सद्विचार भारतीय संस्कृति और विरासत के मूल तत्व रहे हैं, जो हर युग में राष्ट्र को पुष्पित और पल्लवित करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में आगे कहा कि मानवता के लिए आदि कवि महर्षि वाल्मीकि के अनमोल संदेश देशवासियों के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक बने रहेंगे। उनका जीवन और उनके द्वारा रचित महाकाव्य ‘रामायण’ सत्य, धर्म, और उच्च मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देता है, जो पीढ़ियों से भारतीय समाज को मार्गदर्शन प्रदान करते आ रहे हैं।

देशभर में महर्षि वाल्मीकि जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। इस दिन मंदिरों और वाल्मीकि आश्रमों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, शोभायात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिसमें उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया जाता है। सरकार और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी उनके योगदान को याद करते हुए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

पीएम मोदी ने संस्कृत सुभाषितम भी साझा किया
पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में ‘संस्कृत सुभाषितम’ भी शेयर किया, जिसमें लिखा, ‘तामभ्यगच्छद्रुदितप्रवादात्कविः कुशेध्माहरणाय यातः। निषादविद्धाण्डजदर्शनोत्थः श्लोकत्वमापद्यत यस्य शोकः॥’ यह श्लोक महाकवि कालिदास की ओर से रचित महाकाव्य ‘रघुवंशम्’ के चौदहवें सर्ग (सर्ग 14, श्लोक 70) से लिया गया है।