न्यूज 127, मेरठ (जोजो) :
उत्तर प्रदेश एसटीएफ की मेरठ यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बुलंदशहर के बराल रेलवे स्टेशन से 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश अरबाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरबाज (पुत्र उम्मेद, निवासी जाकिर कॉलोनी, काला आम, लिसाड़ीगेट, मेरठ) बागपत के थाना दोघट में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहा था।
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मेरठ में एक कबाड़ी की दुकान पर काम करता था और अपने साथियों मनोज (निवासी अलीनगर, झिंझाना, शामली) तथा अक्षय के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। मार्च 2024 में इन तीनों ने मिलकर दोघट क्षेत्र में बिजली के तारों की चोरी की थी। इस घटना के बाद दर्ज मुकदमे में गैंगस्टर एक्ट लगने के बाद से ही अरबाज फरार चल रहा था और अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ ने घेराबंदी कर उसे बराल रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी को संबंधित थाना दोघट के सुपुर्द कर दिया है, जहां से उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस इस गैंग के अन्य सदस्यों की गतिविधियों की भी गहनता से जांच कर रही है।


