मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गाजियाबाद में किया 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह का समापन, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित




Listen to this article

न्यूज 127, गाजियाबाद :
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती द्वारा आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, एकता और राष्ट्रभावना का विकास करती हैं। देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों का एक मंच पर एकत्र होना ‘लघु भारत’ के दर्शन कराता है। अलग-अलग भाषाओं, वेशभूषा और सांस्कृतिक परिवेश के बीच खेल का मैदान सभी को एक सूत्र में पिरोता है। उन्होंने कहा कि जीत आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार कमियों को सुधारने की प्रेरणा देती है।

विद्या भारती के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1952 में गोरखपुर से शुरू हुई यह संस्था शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्र निर्माण के कार्य में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने स्वस्थ शरीर को कर्तव्यों की पूर्ति का आधार बताते हुए कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में साहस, धैर्य, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि इनसे युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी राज्य में खेल सुविधाओं, आधुनिक संसाधनों और बेहतर प्रशिक्षण के विस्तार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के पूरे अवसर मिल सकें।

इस अवसर पर महेश गुप्ता, महामंत्री देशराज शर्मा, सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, मुक्तेश बगेशा और डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, आचार्य, प्रशिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।