विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें युवा-श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
संविधान दिवस के अवसर पर एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज, हरिद्वार में ‘नशामुक्त भारत तथा विकसित भारत’ विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, विधिक सहायता प्रकोष्ठ, एंटी ड्रग सेल और मेरा युवा भारत, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधन समिति व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष पदमश्री प्रो. (डॉ.) बी.के.एस. संजय मौजूद रहे।

अध्यक्षीय संबोधन में श्रीमहन्त डॉ. रविन्द्र पुरी जी महाराज ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य का आधार हैं। उन्होंने कहा कि नशे जैसी बुराई से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएं, तो विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करने और समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता पदमश्री प्रो. (डॉ.) बी.के.एस. संजय ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति युवाओं की क्षमता व संभावनाओं को कमजोर करती है और स्वास्थ्य, परिवार व राष्ट्र की उत्पादकता पर प्रतिकूल असर डालती है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, मौलिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने को कहा। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा पर आधारित अपनी कविता ‘खतरा’ का पाठ कर संयमित जीवन का संदेश दिया।

प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और नैतिक मूल्यों को विकसित करना भी है। मेरा युवा भारत, उत्तराखंड के सहायक निदेशक ब्रजेश कौशिक ने संविधान के आदर्शों को आचरण में उतारने की अपील की। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी ने समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व व न्याय के मूल्यों पर जोर दिया, जबकि राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने नशे के दुष्प्रभाव व संवैधानिक पहलुओं पर विचार रखे। कार्यक्रम में हेमंत अग्रवाल, अंशिका, आदर्श, आरव सहगल, प्रिन्सी राजपूत व युवा आइकॉन अथर खान सहित अन्य वक्ताओं व विद्यार्थियों ने भी विचार साझा किए।