कुंभ में संतों और आश्रमों को निशुल्क भूमि-सुविधाएं देने की मांग, मेलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला 2027 में संत-महात्माओं, मठों, मढ़ियों, मंदिरों और आश्रमों को शिविर लगाने के लिए निशुल्क भूमि और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। षड्दर्शन साधुसमाज, अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति ने इस संबंध में कुंभ मेलाधिकारी से आज मेला भवन में भेंटकर प्रयागराज, नासिक और उज्जैन कुंभ की तर्ज पर सुविधाएं देने का आग्रह किया है।

समिति की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के लिए देशभर से संत-महात्माओं और धार्मिक संस्थाओं ने शिविर लगाने के लिए आवेदन किए हैं। हालांकि, आवेदनकर्ताओं को भूमि आवंटन के लिए शुल्क देने और टेंट, बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाएं स्वयं करने की जानकारी दी जा रही है। जबकि प्रयागराज, नासिक और उज्जैन के कुंभ मेलों में साधु-संतों, अखाड़ों, मठों, मंदिरों और आश्रमों को निशुल्क भूमि के साथ टेंट, बिजली, पानी, शौचालय और टिन की बाउंड्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

षडदर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत गोपाल गिरि व उपाध्यक्ष श्री महंत चेतनानंद गिरि महाराज ने मेला अधिकारी सोनिका को दिए पत्र में कहा कि हरिद्वार में वर्ष 2016 में उज्जैन सिंहस्थ के साथ अर्धकुंभ का आयोजन हुआ था और वर्ष 2028 में उज्जैन में अगला सिंहस्थ प्रस्तावित है। इसके बावजूद उत्तराखंड सरकार वर्ष 2027 में ही हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन करा रही है। समिति ने अर्धकुंभ की परंपरा और अखाड़ों के शाही स्नान को लेकर भी अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

समिति ने ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट को भी कुंभ स्नान की दृष्टि से विकसित करने की मांग की है। कहा कि 14 जनवरी को देवप्रयाग में अमृत स्नान, छह फरवरी को मौनी अमावस्या और 11 फरवरी 2027 को बसंत पंचमी पर ऋषिकेश के त्रिवेणी संगम में स्नान का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद महाशिवरात्रि से बैसाखी तक हरिद्वार में स्नान की परंपरा रहेगी। समिति ने त्रिवेणी घाट को सुंदर बनाने के साथ गंगा के भीतर संगम घाट से करीब 20 फीट अंदर 10 फीट ऊंची सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है। इसके अलावा धर्म ध्वजा स्थापित करने के लिए त्रिवेणी घाट पर 60 फीट ऊंची बल्ली उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

कहा कि देशभर से संत-महात्माओं ने अपने मठों, मढ़ियों, मंदिरों और आश्रमों की ओर से शिविर लगाने के लिए आवेदन किए हैं। ऐसे में प्रशासन को सभी धार्मिक संस्थाओं के लिए निशुल्क भूमि और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे संत-महात्मा और श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से कुंभ स्नान कर सकें। संतों के बात सुनने के बाद मेला अधिकारी सोनिका ने संतों को मांगों पर शीघ्र यथासंभव कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस अवसर पर श्रीमहंत गोपाल गिरि महाराज, श्रीमहंत चेतनांनद गिरि महाराज, महामण्डलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि समेत दो दर्जन के करीब संत मौजूद रहे।