100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर किया चिह्नित News127, हरिद्वार।
घने कोहरे के बीच हुए ब्लाइंड एक्सीडेंट का हरिद्वार पुलिस ने 48 घंटे से भी कम समय में खुलासा कर दिया। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था, लेकिन तीन पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और हादसे में शामिल ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार से 48 घंटे में खुलासे का जो भरोसा दिया था, उसे पूरा कर दिखाया।
पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर की रात खानपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां 26 नवंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए खानपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों को 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने का भरोसा दिलाया। इसके लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के साथ आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हादसे के समय घना कोहरा छाया होने के कारण दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।
इसके बावजूद पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के आधार पर दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को चिह्नित कर बरामद कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के 48 घंटे से भी कम समय में पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को राहत मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों से किया गया वादा भी पूरा हुआ। ब्लाइंड एक्सीडेंट जैसे चुनौतीपूर्ण मामले में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे पुलिस को मिली सफलता चर्चा का विषय बनी हुई है।


