News127, हरिद्वार। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज करनी शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (सत्य) ने भी हरिद्वार जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। रविवार को ऋषिकुल मैदान में आयोजित पार्टी के राष्ट्रवादी महासम्मेलन में राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा ने इसकी घोषणा की। उन्होंने खुद भी विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कहते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी उन्हें जिस सीट से प्रत्याशी बनाएगी, वह वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
महासम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शेर सिंह राणा ने कहा कि उनकी पार्टी युवा, किसान, रोजगार और ग्रामीणों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारें बदलती रहीं, लेकिन आम जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर आगामी विधानसभा चुनाव में अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।
राणा ने उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को केवल श्रमिक के रूप में ही नहीं, बल्कि प्रबंधन स्तर पर भी रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। पार्टी ने उद्योगों में प्रबंधन स्तर के 70 प्रतिशत पद स्थानीय युवाओं के लिए आरक्षित करने की मांग की। इसके साथ ही किसानों को कृषि कार्यों के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने और चीनी मिलों का संचालन शुरू होने से पहले गन्ने का उचित मूल्य घोषित करने की मांग भी उठाई।
उन्होंने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विस्थापितों और ग्रामीणों को उनकी जमीन पर भूमिधरी अधिकार देने की मांग की। खादर क्षेत्र के लोगों को खनन कार्यों में हिस्सेदारी देने और युवाओं के लिए पर्याप्त खेल मैदान उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठाया। राणा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को खेल मैदान और अन्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसके चलते उन्हें सड़कों और हाईवे के किनारे तैयारी करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
तीन विधानसभा और पांच जिला पंचायत सीटों पर लड़ा था चुनाव
शेर सिंह राणा ने बताया कि पिछले चुनाव में उनकी पार्टी ने हरिद्वार जिले की तीन विधानसभा सीटों और जिला पंचायत की पांच सीटों पर चुनाव लड़ा था। जिला पंचायत के वार्ड संख्या 44 से पार्टी प्रत्याशी रविपाल सैनी ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी और अपने मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचेगी।
खुद चुनाव लड़ने के सवाल पर राणा ने कहा कि पार्टी उन्हें जहां से प्रत्याशी घोषित करेगी, वह वहां से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं।


