न्यूज 127.
उत्तर भारत में सक्रिय अन्तर्राज्यीय बाबा अमरीक गिरोह के मुख्य सदस्य संजय गुप्ता को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रूपये का इनाम घोषित था। अभियुक्त संजय द्वारा बाबा अमरीक और अन्य साथियों के साथ मिलकर कई राज्यों में अरबों रूपये की धोखाधडी की गई थी। आरोपी के खिलाफ उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा तथा पंजाब में भूमि धोखाधडी व अन्य अपराधों के डेढ दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को धोखाधड़ी के अपराधों में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसीक्रम में थाना राजपुर पुलिस ने गोविंद सिंह पुंडीर द्वारा दर्ज कराए गए धोखाधड़ी के मुकदमें में अभियुक्त संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है। इस मुकदमे में पुलिस 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस द्वारा गिरोह का सरगना बाबा अमरीक 20/09/24 को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था।
अभियोग में वांछित 02 अन्य अभियुक्तों संजीव कुमार तथा संजय गुप्ता के विरुद्ध पूर्व में मा0 न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त कर गिरफ्तारी के प्रयास किए गए परंतु अभियुक्तगण के लगातार फरार रहने पर पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध 82 सीआरपीसी की कार्यवाही हेतु मा0 न्यायालय से आदेश प्राप्त करते हुऐ दिनाँक 28/07/24 को उनके यमुनानगर हरियाणा स्थित घर पर नोटिस तामीली की कार्रवाई की गई, किंतु उपरोक्त दोनों अभियुक्त लगातार फरार चल रहे थे। जिन पर एसएसपी देहरादून द्वारा 10 हज़ार का ईनाम घोषित किया गया था, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रयासरत पुलिस टीम द्वारा आज दिनांक 23/09/24 को सुरागरसी पतारसी करते हुए मुखबिर की सूचना पर कचहरी परिसर देहरादून से अभियुक्त संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया गया, अभियुक्त संजय गुप्ता न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में था।




