उत्तराखण्ड में “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” महाअभियान ने दर्ज की अभूतपूर्व सफलता




Listen to this article

17–24 सितम्बर तक 5.45 लाख से अधिक लाभार्थियों ने उठाया स्वास्थ्य शिविरों का लाभ

न्यूज 127.
देहरादून। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत उत्तराखण्ड में आयोजित “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” महाअभियान ने कम समय में ही बड़े पैमाने पर उपलब्धियाँ दर्ज की हैं। 17 सितम्बर 2025 से चल रहे इस अभियान में प्रदेशभर के लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं। यह अभियान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती (2 अक्टूबर) तक जारी रहेगा और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण का एक संगठित आंदोलन बन चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य हर गाँव और हर परिवार तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार महाअभियान उत्तराखण्ड की महिलाओं और परिवारों के स्वास्थ्य के लिए ऐतिहासिक पहल है। हमारा संकल्प है कि हर ज़िला, हर गाँव तक गुणवत्तापूर्ण और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ समय पर पहुँचे। यह केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-भागीदारी की एक सशक्त मिसाल है। जनता से अपील है कि वे नजदीकी स्वास्थ्य शिविरों में जाकर जांच, परामर्श और उपचार अवश्य प्राप्त करें।”

स्वास्थ्य मंत्री ने डॉ धन सिंह रावत ने बताया “यह महाअभियान महिलाओं को न केवल स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध करा रहा है बल्कि उन्हें जागरूक और सशक्त भी बना रहा है। सरकार इस कार्यक्रम को घर-घर, गाँव-गाँव तक पहुँचा रही है ताकि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रह जाए। यह अभियान आने वाले समय में उत्तराखण्ड को मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है।”

अभियान की प्रमुख उपलब्धियाँ
प्रदेशभर में कुल 10,672 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 290 विशेष स्वास्थ्य शिविर शामिल थे। इन शिविरों में 5,45,233 लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई गईं, जिनमें पुरुष 2,15,096 और महिलाएँ 3,30,137 रही।

गैर-संचारी रोग (NCD) की जांच
उच्च रक्तचाप (हाईपरटेंशन) – 2,65,701 लोगों की जांच
डायबिटीज़ – 2,49,500 लोगों की जांच
कैंसर (मुख, गर्भाशय, स्तन) – 2,39,703 लोगों की जांच

प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य (RCH) सेवाएँ
गर्भवती महिलाओं की ANC जांच – 54,461
एनीमिया जांच – 93,601 लोगों की
बच्चों का टीकाकरण – 83,427 बच्चों को टीके लगे

क्षय रोग (टीबी) और अन्य स्वास्थ्य पहल
Ni-Kshay पोर्टल पर टीबी स्क्रीनिंग – 80,016 लोग
निक्षय मित्र पंजीकरण – 4,324

सिकल सेल रोग स्क्रीनिंग – 61 लोग; सिकल सेल कार्ड वितरित – 23
परामर्श सेवाएँ – 2,90,383 लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के लिए परामर्श

अन्य सेवाएँ
आयुष्मान/PM-JAY कार्ड जारी – 8,408
रक्तदाता पंजीकरण – 47,500
रक्त संग्रह – 6,498 यूनिट

केंद्रीय सरकारी संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों और निजी संगठनों के सहयोग से आयोजित 10 शिविरों में 2,748 लोग लाभान्वित।