न्यूज 127.
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कोटद्वार नगर के विभिन्न वार्डों में चल रही एडीबी सहायतित पाइपलाइन परियोजना का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण करते हुए निर्माण एजेंसी को जमकर कड़ी फटकार लगाई और निर्देशित किेया कि खुदाई के बाद सड़कों को तत्काल पूर्व स्थिति में लाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही के कारण नागरिकों को हो रही असुविधा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। डीएम ने निर्माण कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग, गुणवत्ता जांच, और सुपरवाइजरों के मोबाइल नंबर कार्यस्थलों पर सार्वजनिक रूप से चस्पा करने के निर्देश भी जारी किए।
कोटद्वार नगर निगम के 23 वार्डों में उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिनमें से 10 वार्डों में निर्माण प्रगति पर है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सभी प्रगति पर चल रहे वार्डों का निरीक्षण किया और उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य को प्रतिदिन फोटो सहित कार्य प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई स्थानों पर सड़कों को लंबे समय से अधर में छोड़ देना गैर-जिम्मेदाराना रवैया है, जिसे किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने वार्ड 22 (सिमलचौड़–गणेश कॉलोनी) में सड़क पर छोड़ी गई निर्माण सामग्री को देखकर तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को वार्डवार दैनिक कार्ययोजना तैयार कर लोक निर्माण विभाग के साथ साझा करने के आदेश दिए, ताकि लोनिवि भी सड़कों की मरम्मत व गुणवत्ता की सतत निगरानी कर सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में कार्य तभी किए जाएंगे जब उपजिलाधिकारी के साथ साझा की गई साप्ताहिक कार्ययोजना अनुमोदित होगी।
कालेज रोड व शहीद सुशीला देवी मार्ग (वार्ड 18) पर स्थानीय नागरिकों की शिकायत सुनने के बाद जिलाधिकारी ने शहरी विकास विभाग, लोनिवि, राजस्व विभाग और नगर निगम को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की परेशानी तत्काल दूर की जाए और कार्यों की कड़ी निगरानी की जाए। कॉलेज रोड स्थित अर्पित जनरल स्टोर के पास लीक हो रही पाइपलाइन को भी तुरंत ठीक करने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य, यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर जतिन सिंह सैनी, सहायक अभियंता सुमित कुमार, लोकेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




