देहरादून।
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण करियर काउंसलिंग सत्र का सफल आयोजन किया गया। इस सत्र का उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों एवं भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में डीएवी विश्वविद्यालय, जालंधर के कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग से वरिष्ठ सह-प्राध्यापक डॉ. नवीन बिलांडी एवं सहायक प्राध्यापक श्री ओम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

करियर काउंसलिंग सत्र के दौरान डॉ. नवीन बिलांडी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि वर्तमान समय में करियर के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध हैं, लेकिन सही विकल्प का चयन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कंप्यूटर इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे आधुनिक और उभरते क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही डीएवी विश्वविद्यालय, जालंधर में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों जैसे बी.टेक, एम.टेक एवं अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज की भी जानकारी दी।

डॉ. बिलांडी ने कहा कि तेज़ी से बदलती तकनीकी दुनिया में विद्यार्थियों को हर समय “अप-टू-डेट” रहना बेहद जरूरी है। आने वाला समय करियर और रोज़गार की दृष्टि से अत्यंत चुनौतीपूर्ण होगा, ऐसे में छात्रों को सही दिशा में मेहनत करते हुए सही करियर विकल्प चुनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच बनाए रखने, निरंतर सीखते रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया, जिसमें प्रवेश प्रक्रिया, स्कॉलरशिप, प्लेसमेंट एवं भविष्य की संभावनाओं से जुड़े प्रश्न शामिल रहे। इसके उपरांत डॉ. नवीन बिलांडी ने विश्वविद्यालय से संबंधित एक ज्ञानवर्धक वीडियो भी दिखाया, जिसमें विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आधुनिक प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं एवं शैक्षणिक माहौल को दर्शाया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी समाधिया ने दोनों अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके द्वारा दी गई जानकारी छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सत्र से प्रेरणा लेकर विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सही निर्णय लेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



