News 127.
गोवा में हुई दर्दनाक दुर्घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में राज्य के नौ लोगों के निधन की पुष्टि करते हुए इसे अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उत्तराखंड सरकार पूरी मजबूती से पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री धामी ने राज्य सरकार के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवा प्रशासन के साथ घनिष्ठ समन्वय बनाए रखते हुए हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, आवश्यक औपचारिकताओं और प्रक्रियाओं को शीघ्रता से पूरा कराने पर जोर दिया, ताकि किसी भी परिजन को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
सरकारी मशीनरी सक्रिय मोड में है और पीड़ित परिवारों तक त्वरित सहयोग पहुंचाने के लिए निरंतर संपर्क बनाए हुए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मानवीय संवेदना और दायित्वों के साथ पूरी तत्परता से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।



