हरिद्वार। भोगपुर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वजीर स्टोन क्रेशर परिसर में छापेमारी की। देर रात करीब 12:30 बजे की गई इस कार्रवाई में अवैध खनन में लिप्त दो पोकलेन मशीनों को रंगे हाथ पकड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टोन क्रेशर परिसर में रात के अंधेरे में अवैध खनन कार्य चल रहा था। इसकी सूचना किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जिला खान अधिकारी मोहम्मद काजिम को दी गई। सूचना मिलते ही जिला खान अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अचानक छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मौके पर खनन कार्य करते हुए दो पोकलेन मशीनें सक्रिय अवस्था में मिलीं, जिन्हें विभागीय टीम ने तुरंत कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के बाद खनन विभाग में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार यह भी चर्चा है कि अवैध खनन से संबंधित वीडियो फुटेज किसी स्टोन क्रेशर स्वामी के मुंशी द्वारा उपलब्ध कराई गई, जिससे विभाग को सटीक और पुख्ता सूचना मिली। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल खनन विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
भोगपुर में अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, देर रात छापेमारी में दो पोकलेन मशीनें जब्त







