हरिद्वार
लक्सर फ्लाईओवर पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कुख्यात विनय त्यागी पर जानलेवा हमला करने वाले दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनी यादव और विनय के रूप में हुई है।
घटना के बाद से ही फरार चल रहे बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खानपुर क्षेत्र के जंगल में गन्ने के खेत में छिपे दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लक्सर फ्लाईओवर पर खुलेआम फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। इस घटना से आमजन में भय का वातावरण बन गया था और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।
गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हथियारों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से घटना के पीछे के कारणों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लक्सर गोलीकांड को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सका। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
कुख्यात विनय त्यागी पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार



