शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड को ‘क्लीन प्लांट सेंटर’ की दी सौगात, धामी बोले किसान परिश्रम और सम्मान का प्रतीक




Listen to this article

न्यूज 127. गौचर (चमोली)।
किसानों के कल्याण और आर्थिक उत्थान को समर्पित राज्य स्तरीय किसान दिवस का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन गौचर में किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में उत्तराखंड के किसानों के हित में कई अहम घोषणाएं और निर्णय लिए गए। इस दौरान मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत 88 हजार किसानों के खातों में 65 करोड़ 12 लाख रुपये की धनराशि सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के लिए मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ‘क्लीन प्लांट सेंटर’ की स्थापना, राज्य में कीवी के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ तथा जंगली जानवरों से खेती को होने वाले नुकसान की रोकथाम हेतु घेरबाड़ योजना के लिए 90 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट की घोषणा की। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-4) के अंतर्गत राज्य की 309 बसावटों को जोड़ने के लिए 1228.2 किलोमीटर सड़कों के निर्माण हेतु 1706.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने उत्तराखंड के माल्टा, कीवी, सेब और नींबू प्रजाति फलों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इन्हें देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कम कृषि भूमि के बावजूद उत्पादन में वृद्धि राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसान स्वाभिमान और परिश्रम के प्रतीक हैं और उनकी समृद्धि से ही राज्य एवं देश की समृद्धि संभव है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण, निःशुल्क सिंचाई, फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत 80 प्रतिशत तक सब्सिडी तथा नई फसल नीतियों के माध्यम से सशक्त बना रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाकर ‘विकसित भारत संकल्प 2047’ को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को ‘किसान भूषण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया तथा रिवर्स पलायन कर कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों और समूहों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर किसानों से संवाद भी किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, नगर पालिका अध्यक्ष गौचर संदीप नेगी, उपाध्यक्ष जड़ी-बूटी सलाहकार परिषद बलवीर घुनियाल, उपाध्यक्ष उत्तराखंड राज्य स्तरीय जलागम परिषद रमेश गड़िया, अध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद रामचन्द्र गौड़, उपाध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद हरक सिंह नेगी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, उपाध्यक्ष बद्रीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति ऋषि प्रसाद सती, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, गणेश शाह, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान मौजूद रहे।