गृहमंत्री अमित शाह ने नव नियुक्त आरक्षियों को दिए नियुक्ति पत्र, शरणार्थियों को मिली भारतीय नागरिकता








Listen to this article


हरिद्वार।
“जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस के नव नियुक्त आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र दिए और ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने इन पहलों का स्वागत किया।

नव नियुक्त आरक्षियों को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस में नव नियुक्त आरक्षियों को मंच से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए उनमें अमन सिंह, आकाश, अभय चौहान, अर्जुन नाथ गोस्वामी और योगेश नाथ शामिल रहे। इस अवसर पर नव नियुक्त आरक्षियों ने राज्य की सेवा के प्रति समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

शरणार्थियों को प्रदान किए गए नागरिकता प्रमाणपत्र
आयोजन के दौरान पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए 162 शरणार्थियों को भारत की नागरिकता का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इनमें पाकिस्तान के बलूचिस्तान स्थित सिद्धपीठ हिंगलाज माता मंदिर के पुजारी परिवार से जुड़े श्री शैलेश, भट्टाग्राम (पाकिस्तान) से आए श्री जसपाल कुमार, कराची में महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न से परेशान होकर भारत आईं श्रीमती दुर्गानाथ टी. राजपूत तथा अफगानिस्तान से आई श्रीमती हंसेरी बाई को मंच पर नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का भी शुभारंभ किया। यह प्रणाली भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173 के अंतर्गत लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से एक लाख रुपये से अधिक की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करना है।
नई व्यवस्था के तहत 1930 हेल्पलाइन या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को देहरादून स्थित राज्य साइबर पुलिस स्टेशन में ई-जीरो एफआईआर के रूप में पंजीकृत किया जाएगा। इसके बाद सीसीटीएनएस प्रणाली के माध्यम से संबंधित थाने को तत्काल प्रेषित किया जाएगा, जिससे पुलिस को गोल्डन ऑवर में तुरंत कार्रवाई करने, साक्ष्य एकत्र करने और संदिग्ध लेन-देन को फ्रीज करने में सहायता मिलेगी। इससे साइबर ठगी में गए धन की रिकवरी की संभावना भी बढ़ेगी।

‘विकल्प रहित संकल्प’ पुस्तक का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भाषणों के संकलन पर आधारित लेखक गिरिजा शंकर जोशी की पुस्तक “विकल्प रहित संकल्प” का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसलों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सराहा।