पिता ने 55 साल में सातवीं शादी की तैयारी पर बेटे ने खटखटाया थाने का दरवाजा








Listen to this article


55 वर्षीय पिता पर जमीन बेचकर शादी की तैयारी करने का आरोप, नाबालिग बेटे ने लगाई रोक लगाने की गुहार
आजमगढ़।
एक अनोखा पारिवारिक विवाद सामने आया है, जहां एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की सातवीं शादी रुकवाने के लिए पुलिस का सहारा लिया है। मामला यूपी के आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र का है, जहां रहने वाले एक किशोर ने अपने 55 वर्षीय पिता पर सातवीं शादी की तैयारी करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है और शादी पर रोक लगाने की मांग की है।
नाबालिग बेटे का आरोप है कि उसके पिता पहले ही छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी की तैयारी कर रहे हैं। बेटे का कहना है कि पिता इस शादी के लिए परिवार की जमीन तक बेचने पर उतारू हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ेगा। इसी कारण उसने पुलिस से हस्तक्षेप कर शादी रुकवाने की अपील की है।
पीड़ित बेटे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता का व्यवहार परिवार के प्रति जिम्मेदार नहीं है। वह लगातार शादी करने की जिद पर अड़े हुए हैं और इसके लिए संपत्ति बेचने से भी पीछे नहीं हट रहे। बेटे का कहना है कि इससे परिवार के भविष्य पर संकट खड़ा हो सकता है।
वहीं इस पूरे मामले पर पिता का कहना है कि उसका बेटा उसकी बात नहीं मानता और लगातार विरोध करता रहता है। पिता का कहना है कि घर में शांति बनाए रखने के लिए ही वह अलग शादी करने का निर्णय ले रहा है। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि वह अब तक छह शादियां कर चुके हैं।
इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
फिलहाल अहरौला थाना पुलिस ने बेटे की तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।