25 आईएएस-पीसीएस अधिकारियों के तबादलों की तैयारी, कई जिलों के जिलाधिकारी भी आएंगे दायरे में
न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर शासन स्तर पर बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी चल रही है। प्रदेश में करीब 25 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए जाने की संभावना है। इस प्रस्तावित फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारी भी प्रभावित हो सकते हैं।
शासन के गलियारों में चल रही चर्चाओं के अनुसार, प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया जा सकता है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सरकार प्रशासनिक मशीनरी को नई दिशा देने की तैयारी में है।
इस संभावित फेरबदल में जिलों के प्रशासनिक मुखिया के साथ ही शासन और विभिन्न विभागों में तैनात आईएएस एवं पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र भी बदले जा सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, तबादलों की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो गुरुवार तक तबादला आदेश जारी हो सकते हैं। हालांकि, शासन की ओर से अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रस्तावित तबादलों को प्रदेश में आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें शासन की ओर से जारी होने वाली संभावित सूची पर टिकी हैं।


