खतरे में आपकी मेहनत की कमाई, एक गलती से खाली हो सकता है बैंक खाता








Listen to this article


ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिंता, जरा सी लापरवाही बन सकती है भारी
haridwar
आज के डिजिटल दौर में जहां एक ओर ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल एप्स ने जीवन को आसान बनाया है, वहीं दूसरी ओर साइबर ठगों ने भी लोगों की मेहनत की कमाई पर नजर गड़ा रखी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बैंक खाते में जमा आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखना अब केवल बैंक की ही नहीं, बल्कि आपकी भी बड़ी जिम्मेदारी है। जरा सी लापरवाही आपको भारी नुकसान पहुंचा सकती है।
दरअसल, इन दिनों साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। मोबाइल फोन पर आने वाले मैसेज, ई-मेल और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को लोन देने का लालच दिया जाता है। कई बार लॉटरी निकलने का झांसा दिया जाता है तो कभी नई-नई स्कीमों का लालच देकर लिंक भेजे जाते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक पर क्लिक करता है या अपनी निजी जानकारी साझा करता है, साइबर ठग उसका बैंक खाता खाली कर देते हैं।
विशेष रूप से एंड्रॉयड फोन में डाउनलोड किए जाने वाले कई अनजान एप भी खतरे की घंटी साबित हो रहे हैं। इन एप्स के जरिए मोबाइल की निजी जानकारी तक पहुंच बनाई जाती है। इसके बाद बैंक डिटेल्स, ओटीपी और अन्य जरूरी जानकारियां हासिल कर ठगी को अंजाम दिया जाता है।
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे किसी भी मैसेज, लिंक या ई-मेल पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करनी चाहिए। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और अपनी बैंकिंग जानकारी, पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
बैंकों और साइबर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि उनकी सतर्कता ही इस तरह की ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। इसलिए जरूरी है कि लोग सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ई-मेल से दूरी बनाए रखें।
विशेषज्ञों का साफ कहना है कि साइबर ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है। अगर आप सतर्क रहेंगे तो आपकी मेहनत की कमाई सुरक्षित रहेगी।