देहरादून
कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति (एचपीसी) की बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि जिन कार्यों के शासनादेश (जीओ) अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल जारी किया जाए। उन्होंने छोटे और अस्थायी कार्यों की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए पॉवर डेलीगेशन का सुझाव देते हुए कहा कि एक करोड़ रुपये तक के अस्थायी कार्यों की संस्तुति आयुक्त गढ़वाल की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा की जाएगी।
कुंभ से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता देते हुए मुख्य सचिव ने चंडीदेवी और मनसा देवी मंदिर क्षेत्रों में कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को आवश्यकता और महत्त्व के आधार पर प्राथमिकता देकर आगे बढ़ाया जाए।
व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए टेंट, बैरीकेडिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु एजेंसियों के चयन के लिए बिडिंग प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विभागों के सचिवों और विभागाध्यक्षों को अपने स्तर पर तेजी से कार्यवाही शुरू करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने कुंभ कार्यों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र ऑडिट टीम तैनात करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सूचना, पर्यटन और संस्कृति विभाग को अगली एचपीसी बैठक में अपनी विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, वहीं मेलाधिकारी को कुंभ के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को कहा।
कनखल क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए वहां यातायात संकुलन दूर करने के लिए समुचित योजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को अनिवार्य रूप से अक्टूबर 2026 तक पूर्ण किया जाए और प्रत्येक कार्य की प्राथमिकता स्पष्ट रूप से तय की जाए।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने जानकारी दी कि विभिन्न विभागों के तहत कुल 191.30 करोड़ रुपये की लागत से 33 कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें से 31 कार्यों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि शेष दो कार्यों की निविदा प्रक्रिया जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, सी. रविशंकर, रणवीर सिंह चौहान और विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कुंभ-2027 की तैयारियों में कनखल सड़क के चौड़ीकरण का काम




