C.C.S. यूनिवर्सिटी में एमबीए कर रहे छात्रों ने किया फरीदाबाद में शैक्षणिक भ्रमण








Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस स्टडीज (IBS) के एमबीए (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन) के छात्रों ने 24 अप्रैल 2026 को अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद (हरियाणा) का शैक्षणिक भ्रमण किया। विभाग के निदेशक प्रोफेसर अतवीर सिंह ने प्रातःकाल छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए भ्रमण के लिए रवाना किया। इस भ्रमण में छात्रों के साथ डॉ. मनी गर्ग (समन्वयक, एमबीए-एचए), डॉ. प्रिया सिंह (समन्वयक, बीबीए-एचए), डॉ. शिखा वशिष्ठ (सहायक प्राध्यापक) एवं डॉ. मनु शर्मा (प्लेसमेंट ऑफिसर) उपस्थित रहे।
अस्पताल पहुंचने पर मार्केटिंग हेड आशुतोष पांडेय ने छात्रों का स्वागत किया तथा उन्हें अस्पताल के विभिन्न विभागों का विस्तृत भ्रमण कराया। इस दौरान छात्रों ने आपातकालीन सेवाएं (Emergency), ओपीडी, आईपीडी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, डायग्नोस्टिक लैब्स एवं अन्य विशेष इकाइयों का अवलोकन किया और अस्पताल की आधुनिक कार्यप्रणाली एवं प्रबंधन प्रणाली को नजदीक से समझा। भ्रमण के पश्चात अस्पताल के सीईओ डॉ. आशुतोष शर्मा ने एक संक्षिप्त प्रस्तुति के माध्यम से अस्पताल की संरचना, सेवाओं एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह एशिया का सबसे बड़ा 2600 बेड का प्राइवेट अस्पताल है, जो अत्याधुनिक तकनीकों, डिजिटल हेल्थ सिस्टम, मल्टी-सुपर स्पेशलिटी सेवाओं, उच्च स्तरीय मरीज देखभाल (Patient Care) एवं अनुभवी चिकित्सकों की टीम के लिए जाना जाता है। साथ ही, अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी, उन्नत डायग्नोस्टिक सुविधाएं, रिसर्च एवं मेडिकल एजुकेशन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों को अस्पताल प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ, जो उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर अतवीर सिंह ने इस सफल आयोजन के लिए सभी समन्वयकों एवं अमृता हॉस्पिटल प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।