देहरादून में लूट के बाद मुठभेड़, एक बदमाश ढेर, इंस्पेक्टर समेत तीन घायल








Listen to this article


गोलीकांड से दहला प्रेमनगर क्षेत्र: पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश की मौत
देहरादून
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बीती रात लूट की एक गंभीर वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे जनपद में हाई अलर्ट जारी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 29/30 अप्रैल की रात्रि को थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना स्थल पर घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने पुलिस को जानकारी दी कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने उससे तमंचे के बल पर लूटपाट की और गोली मारकर फरार हो गए। बदमाश उसके पास से एक नीला बैग छीन ले गए, जिसमें करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य दस्तावेज थे।
घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई। अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल इंस्पेक्टर को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की कोरोनेशन चिकित्सालय में मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल और एसपी सिटी मौके व अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जनपद के सभी बॉर्डरों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस द्वारा फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई व पूछताछ जारी है।