हरिद्वार नगर निगम का रोको-टोको अभियान, गुलाब का फूल देकर स्वच्छता की नई पहल








Listen to this article

हरिद्वार
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार ने एक अभिनव पहल करते हुए “रोको-टोको अभियान” की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत निगम की टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं और व्यवहार में बदलाव लाने का प्रयास कर रही हैं। नगर निगम प्रशासन की टीम घर—घर जाकर गुलाब का फूल देकर कूड़ा सड़क पर नही फेंकने की अपील कर रही है।
नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी एवं सैनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा आर्यनगर वार्ड में पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय पार्षद सपना शर्मा के साथ मिलकर नागरिकों से संवाद किया और उन्हें गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान के दौरान विशेष रूप से उन लोगों पर ध्यान केंद्रित किया गया जो घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले पर्यावरण मित्रों को समय पर कचरा नहीं देते हैं। ऐसे नागरिकों को गुलाब का फूल भेंट कर विनम्र तरीके से जागरूक किया गया, जिससे संदेश भी पहुंचे और सकारात्मक माहौल भी बना रहे। वहीं, नियमों का पालन करने वाले नागरिकों की सराहना कर उन्हें प्रेरित किया गया।


उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने कहा कि स्वच्छ शहर का सपना तभी साकार होगा जब जनसहभागिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि केवल जुर्माना लगाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, इसलिए संवाद और जागरूकता के माध्यम से लोगों को जोड़ने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि: हरा डस्टबिन में गीला कचरा रखें
नीला डस्टबिन में सूखा कचरा डालें जबकि​ डायपर एवं अन्य जैविक अपशिष्ट अलग थैले में दें। नगर निगम द्वारा शहर के कई कूड़ा स्थलों को सेल्फी प्वाइंट में भी बदला गया है, जिससे स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो। इसके साथ ही, निगम ने नागरिकों से “स्वच्छता सर्वेक्षण 2026” में बढ़-चढ़कर भाग लेने और फीडबैक देने की अपील की है। यह अभियान शहर के सभी 60 वार्डों में निरंतर चलाया जा रहा है, जो स्वच्छ हरिद्वार के लक्ष्य की ओर एक मजबूत कदम माना जा रहा है।