हरिद्वार।
खानपुर क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को हल्के में लेना प्रभारी निरीक्षक को भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रभारी निरीक्षक दिगपाल सिंह कोहली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पूर्व खानपुर क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़ित पक्ष ने तत्काल पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रभारी निरीक्षक को दी, लेकिन आरोप है कि उन्होंने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई और कार्रवाई में ढिलाई बरती। इसके चलते आरोपी फरार हो गए।
मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी नवनीत सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया और संबंधित थाने को पोक्सो एक्ट सहित अन्य प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईयू टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई।
सीआईयू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक दिगपाल सिंह कोहली के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि लंबे समय बाद किसी प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ इस तरह की सीधी निलंबन की कार्रवाई की गई है, जिससे पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। आमतौर पर ऐसे मामलों में लाइन हाजिर की कार्रवाई होती थी, लेकिन इस बार कड़ा संदेश दिया गया है।
इधर, खानपुर थाने की नई जिम्मेदारी साइबर सेल में तैनात गोविंद सिंह को सौंपी गई है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में विफल रहने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खानपुर इंस्पेक्टर निलंबित, सीआईयू ने आरोपी दबोचा




