देसंविवि पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज पहुंचकर विभिन्न आध्यात्मिक एवं वैदिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश एवं राष्ट्र की समृद्धि, लोक-कल्याण और विश्व शांति की कामना की।

शांतिकुंज आगमन पर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने प्रज्ञेश्वर महाकाल मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही उन्होंने शौर्य दीवार पर पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री धामी ने विश्वविद्यालय में आयोजित यज्ञीय कार्यक्रम में भाग लेते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राष्ट्र की उन्नति और विश्व शांति के लिए आहुतियां दीं। उन्होंने परिसर में संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों का भी अवलोकन किया और उनके कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शांतिकुंज आधुनिक शिक्षा और प्राचीन ऋषि परंपरा का अद्भुत संगम है। उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा चलाए जा रहे व्यसन मुक्ति और संस्कार निर्माण अभियानों को सराहनीय बताते हुए कहा कि ये प्रयास विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में सन् 1926 से निरंतर प्रज्वलित अखंड दीप के दर्शन कर गुरुदेव और माताजी के तप को नमन किया। इस दौरान उन्होंने संस्था की अधिष्ठात्री शैलदीदी से भेंट कर आशीर्वाद लिया और विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

संस्था की ओर से मुख्यमंत्री को गायत्री महामंत्र लिखित चादर एवं युग साहित्य भेंट किया गया। साथ ही केरल की विशेष नस्ल के बछड़े का पूजन कर गौपालन का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर महिला मंडल प्रमुख श्रीमती शैफाली पंड्या सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।