पथ प्रवाह, टिहरी गढ़वाल
टिहरी जनपद के प्रतापनगर ब्लॉक के देवल गांव निवासी 18 वर्षीय युवक की कथित पिटाई के बाद मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के अनुसार युवक की एक नाबालिग लड़की से दोस्ती थी। इसी बात को लेकर लड़की के परिजनों ने युवक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, उसका एक साथी भी इस हमले में घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। भीम आर्मी ने मामले में सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है।




