न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे हरिद्वार जनपद के चिड़ियापुर क्षेत्र में नवनिर्मित पुलिस चौकी भवन का सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद लोकार्पण किया। थाना श्यामपुर क्षेत्रांतर्गत हाईवे पर स्थित यह चौकी कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने चौकी परिसर का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में चौकी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके संचालन से अपराधियों की आवाजाही पर निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
चिड़ियापुर चौकी उत्तर प्रदेश की सीमा से लगी होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। हाईवे पर स्थित होने से यहां पुलिस की मौजूदगी सीमावर्ती क्षेत्र में निगरानी और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायक होगी।
नवनिर्मित भवन के लोकार्पण के अवसर पर क्षेत्रीय निवासी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने नई चौकी को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रसन्नता जताई। कार्यक्रम में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी सहित थाना श्यामपुर का पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।


