News 127, देहरादून।
देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय में ‘रणनीति’ युवा संसदीय सम्मेलन का भव्य एवं सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन एवं नेतृत्व रणनीति की संस्थापक एवं महासचिव उन्नति नौटियाल के मार्गदर्शन में किया गया। सम्मेलन में लगभग 300 प्रतिनिधियों तथा 40 आयोजन समिति सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों एवं अनेक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने इस आयोजन में भाग लेकर अपने विचार, नेतृत्व क्षमता एवं वाद-विवाद कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस, 8 जून को सौरभ थपलियाल एवं आर्यन देव उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व एवं नीति-निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। द्वितीय दिवस, 9 जून को राज्य मंत्री नितिन गौतम मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं प्रति-कुलपति भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों के उत्साह, ज्ञान एवं संवाद कौशल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

सम्मेलन के अंतर्गत संयुक्त राष्ट्र महासभा, संयुक्त राष्ट्र महिला आयोग, अखिल भारतीय राजनीतिक दल बैठक, लोकसभा तथा महाभारत विशेष परिषद जैसी विभिन्न समितियों का गठन किया गया। इन समितियों में प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श, तर्कपूर्ण चर्चा तथा नीतिगत संवाद प्रस्तुत किए। इस अवसर पर रणनीति 2026 की संस्थापक एवं महासचिव सुश्री उन्नति नौटियाल के नेतृत्व की विशेष सराहना की गई, जिनकी दूरदर्शी सोच, समर्पण एवं अथक प्रयासों ने इस आयोजन को एक सशक्त मंच के रूप में स्थापित किया।

रणनीति की परिकल्पना से लेकर उसके सफल आयोजन तक उनके नेतृत्व ने युवाओं को नेतृत्व, संवाद एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने का एक प्रभावी मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के निदेशक जनरल शिवांग राजा ने आयोजन के सफल संचालन, समन्वय एवं व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे सम्मेलन का प्रत्येक सत्र व्यवस्थित एवं प्रभावी रहा।

वहीं, मुख्य सलाहकार अभिषेक भार्गव के मार्गदर्शन एवं अनुभव ने आयोजन को एक सुदृढ़ दिशा प्रदान की तथा प्रतिभागियों और आयोजन दल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रेरित किया। इन सभी के सामूहिक प्रयासों और नेतृत्व ने रन्नीति 2026 को एक सफल, गरिमामय एवं यादगार आयोजन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता न होकर युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों के संवर्धन तथा वैचारिक जागरूकता का एक सशक्त मंच सिद्ध हुआ।

उन्नति नौटियाल के नेतृत्व में आयोजित यह सम्मेलन अत्यंत सफल, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय रहा तथा सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों पर अपनी विशिष्ट छाप छोड़ने में सफल रहा।




