योग को बनाएं जीवन का अभिन्न हिस्सा, डीएवी में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने किया योग अभ्यास








Listen to this article

न्यूज127, हरिद्वार
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डीएवी सेन्टेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर में योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लेते हुए भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी, प्रधान, डीएवी कॉलेज प्रबंधकर्तृ समिति, नई दिल्ली के निर्देशानुसार किया गया। इस अवसर पर डीएवी स्कूलों के निदेशक एवं स्पोर्ट्स संयोजक डॉ. वी. सिंह द्वारा अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु डीएवी स्पोर्ट्स पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जा सकें।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने मुख्य अतिथि एवं योग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. सुभाष तथा योगाचार्य श्री प्रणव त्यागी का स्वागत कर किया। इसके बाद योगाचार्यों ने लगभग 500 विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग विशेषज्ञों ने योगासनों की सही विधि के साथ उनके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही एकाग्रता, स्मरण शक्ति एवं ध्यान क्षमता बढ़ाने हेतु विशेष अभ्यास भी कराए गए।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. सुभाष ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके नियमित अभ्यास का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों संतुलित रहते हैं, जिससे जीवन में सकारात्मकता और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है।

सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवन के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह आयोजन सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी एवं स्वास्थ्यवर्धक अनुभव साबित हुआ।