उत्तराखंड स्थापना दिवस पर राज्य आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी भी हुए सम्मानित




Listen to this article

न्यूज 127, उत्तरकाशी।
उत्तराखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तरकाशी में सोमवार को राज्योत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए राज्य निर्माण में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। गोस्वामी गणेश दत्त विद्यालय के छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्योत्सव के अवसर पर तैयार की गई विकास पुस्तिका-2026 का विमोचन भी किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, जनपद में राज्य स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रम 10 से 13 नवंबर तक रामलीला मैदान में आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।