न्यूज 127.
पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जन-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
जनपद उधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने समीक्षा के दौरान पाया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई विक्रम राठौड़ द्वारा कोतवाली आईटीआई पर पंजीकृत विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। इसके अतिरिक्त पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई एवं निस्तारण में अनावश्यक विलम्ब किया जा रहा था तथा उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों के बावजूद विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में लापरवाही एवं शिथिलता बरती जा रही थी। अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर कोतवाली आईटीआई प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया।
इसके अलावा चौकी प्रभारी पैगा उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह द्वारा पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई एवं निस्तारण में देरी तथा अपने दायित्वों के प्रति उदासीनता बरती जाने पर इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चौकी प्रभारी पैगा जसविंदर सिंह को भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।




