श्रावणी मेले की तैयारी जोरों पर, मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने किया निरीक्षण








Listen to this article

न्यूज 127, अल्मोड़ा।
जनपद में आगामी 16 जुलाई से आयोजित होने वाले श्रावणी मेले के अलावा हरेला पर्व एवं बहुउद्देशीय शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वृद्ध जागेश्वर मंदिर में की पूजा अर्चना
जिलाधिकारी सर्वप्रथम वृद्ध जागेश्वर‌ पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को दृष्टिगत रखते हुए परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगंतुकों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जागेश्वर धाम में का निरीक्षण
जागेश्वर धाम पहुंचकर जिलाधिकारी ने आगामी 16 जुलाई से प्रारंभ होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा एवं श्रद्धालु सुविधाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री का आगमन है प्रस्तावित
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रावणी मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आगमन प्रस्तावित है। सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समयावधि में व्यवस्थाएं पूर्ण करें तथा किसी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

मंदिर समिति के साथ की बैठक
इस दौरान जिलाधिकारी ने जागेश्वर क्षेत्र के पुजारियों, मंदिर समिति के सदस्यों एवं अन्य हितधारकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने तथा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। निरीक्षण में जिलाधिकारी गरुड़ाबांज भी पहुंचे। यहीं से राज्य स्तरीय हरेला पर्व का शुभारंभ एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन प्रस्तावित है।

कार्यक्रम स्थल बौर मंच का निरीक्षण
उन्होंने कार्यक्रम स्थल, मंच, बैठक व्यवस्था, पौधरोपण स्थल, विभागीय स्टॉल, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा एवं पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।

कार्यक्रम में आमजन की रहेगी सहभागिता
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आयोजित होने वाले ये सभी कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन की सहभागिता के साथ मुख्यमंत्री का प्रस्तावित आगमन भी है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें। उन्होंने नियमित स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा करते रहने तथा कमी पाए जाने पर त्काल निराकरण के निर्देश भी दिये।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उपजिलाधिकारी द्वाराहाट सुनील कुमार राज, उपजिलाधिकारी भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, जागेश्वर क्षेत्र के हितधारक एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।