रजत सिंह पुंडीर को मिली दो टीमों के मुख्य कोच की जिम्मेदारी








Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार। बास्केटबॉल के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत रजत सिंह पुंडीर को रामाया रॉयल्स अंडर-17 गर्ल्स टीम तथा हूप हस्टलर्स अंडर-13 मिनी यूथ टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को युवा खिलाड़ियों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रजत सिंह पुंडीर एक प्रमाणित (Certified) बास्केटबॉल कोच हैं। उन्होंने लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (LNIPE), ग्वालियर से बास्केटबॉल में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं कोचिंग शिक्षा प्राप्त की है। यह संस्थान भारत के प्रतिष्ठित खेल विश्वविद्यालयों में से एक है और खेल शिक्षा, अनुसंधान तथा उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने आधुनिक कोचिंग पद्धतियों, खिलाड़ी विकास, खेल विज्ञान तथा प्रतियोगी बास्केटबॉल के विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन किया। अब वे अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ युवा खिलाड़ियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से वापस लौटे हैं। रजत सिंह पुंडीर का मानना है कि सही प्रशिक्षण, अनुशासन और सकारात्मक खेल संस्कृति ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने की मजबूत नींव है। उनकी प्राथमिकता खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता तथा टीम भावना का समग्र विकास करना है। खेल जगत एवं बास्केटबॉल समुदाय ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में रामाया रॉयल्स अंडर-17 गर्ल्स और हूप हस्टलर्स अंडर-13 मिनी यूथ टीम आने वाले समय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई सफलताओं की मिसाल कायम करेंगी।