DAV सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह










Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार में भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव की भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। गंगा एवं नर्मदा सदन के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व को अपनी विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया।

समारोह का शुभारंभ देशभक्ति के रंग में रंगे, उत्साह और उल्लास से भरे विद्यार्थियों के विद्यालय आगमन के साथ हुआ। सर्वप्रथम सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया गया। तदुपरांत विद्यालय प्रधानाचार्य द्वारा ध्वजारोहरण किया गया और उसके पश्चात् राष्ट्र गान हुआ। तत्पश्चात् विद्यार्थियों ने अनुशासित एवं सधे हुए कदमों के साथ देश के प्रति सम्मान, समपर्ण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना का प्रदर्शन करते हुए मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल, सुपरवाइजरी हैड्स कुसुम बाला त्यागी, शरद कांत कपिल, हेमलता पाण्डेय, वैशाली अरोड़ा, धर्मशिक्षिका अनीता स्नतिका तथा खेल विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने सुख, परिवार और जीवन तक का त्याग कर दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि परीक्षा में केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही उनका उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसे व्यक्तित्व का निर्माण उनका उद्देश्य होना चाहिए, जिनमें ज्ञान के साथ संस्कार, सफलता के साथ संवेदनशीलता और अधिकारों के साथ कर्तव्यबोध भी हो। उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती जी के सत्य, शिक्षा एवं सामाजिक सुधार के संदेश को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए सत्य को अपनाने, अज्ञान को दूर करने तथा समाज एवं राष्ट्र के कल्याण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने याद दिलाया कि देश का भविष्य केवल संसद भवन में नहीं, बल्कि देश की कक्षाओं में तैयार होता है।

प्रधानाचार्य के प्रेरणादायी संबोधन के पश्चात् देशभक्ति गीत ‘वतन ये हमारा है’ की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। विद्यालय के म्यूजिकल बैंड ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत धुनों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह में देशप्रेम की भावना का संचार किया। विद्यालय के हेड बॉय अथर्व शर्मा ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का स्मरण किया तथा युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में कक्षा चतुर्थ एवं सप्तम के विद्यार्थियों ने ‘स्टेप्स ऑफ प्राइड’ शीर्षक से आकर्षक प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की जानी-मानी हस्तियों के योगदान एवं उनकी राष्ट्रसेवा से उपस्थित जनसमूह को परिचित कराया। विद्यार्थियों की सशक्त, अनुशासित एवं प्रभावशाली प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

अवंतिका चैहान ने ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण भाषण प्रस्तुत करते हुए स्वतंत्रता के मूल्यों और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में सम्मानित विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।

संस्कृति पंवार की देशभक्ति से ओत-प्रोत हिंदी कविता ने सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम की अगली प्रस्तुति ‘गौरव की गाथा-स्वर्णिम यात्रा’ ने भारत की गौरवशाली यात्रा, सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

समारोह के अंत में जीवविज्ञान अध्यापक अंशुल शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, खेल विभाग, विद्यार्थियों तथा सभी सहयोगी सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर प्रत्येक नागरिक से राष्ट्र की उन्नति, एकता एवं अखंडता के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस प्रकार स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हुए उन्हें एक सशक्त, संस्कारित एवं जिम्मेदार भारत के निर्माण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रधानचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, गैर शैक्षणिक कर्मचारियों के साथ-साथ विद्यार्थियों ने भी अपनी उपस्थिति देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।