स्वतंत्रता दिवस और उर्स मेले को लेकर कलियर में पुलिस का फ्लैग मार्च






Listen to this article

कानून-व्यवस्था बनाए रखने और क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए किया एरिया डोमिनेशन

कलियर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और 758वें सालाना उर्स मेले के मद्देनजर कलियर क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फ्लैग मार्च किया। क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पांडे के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस, पीएसी, पैरामिलिट्री बल, जोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों तथा रिक्रूट आरक्षियों ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन किया।

फ्लैग मार्च पीपल चौक, कलियर चौक, सदन चौक, हज हाउस, पीपल चौक से बेड़पुर चौक, दरगाह मुख्य प्रवेश द्वार, बरेली सराय रोड सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और उर्स मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से मेले को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही लोगों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।

क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और उर्स मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।

फ्लैग मार्च में प्रभारी निरीक्षक कलियर कमल मोहन भंडारी सहित कोतवाली कलियर एवं संबंधित चौकियों का पुलिस बल मौजूद रहा।