न्यूज 127, हरिद्वार।
एस.एम. पब्लिक स्कूल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, मनमोहक प्रस्तुतियों एवं प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता पवार, प्रधानाचार्य रमणीक शाह सूद, उप-प्रधानाचार्या रेखा शर्मा, समस्त शिक्षकगण, स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सुरभि शर्मा एवं प्रज्ञा शर्मा ने किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। विद्यार्थियों के भाषणों में स्वतंत्रता संग्राम, देश के प्रति जिम्मेदारियों एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमणीक शाह सूद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना साकार करने में आज के विद्यार्थियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के साथ-साथ आर्थिक एवं सामाजिक दृष्टिकोण से भी जागरूक रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, ज्ञान और मेहनत के माध्यम से देश का नाम रोशन करें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र के विकास में योगदान दें। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।








