न्यूज 127, हरिद्वार।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए एकता, भाईचारे एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सुंदर गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक देशभक्ति नृत्य ने भी सभी का मन मोह लिया, जिसकी उपस्थित दर्शकों ने करतल ध्वनि से सराहना की।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने बीएचईएल हरिद्वार स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस परेड में भी शानदार प्रदर्शन किया। परेड में बालिका वर्ग ने प्रथम तथा बालक वर्ग ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अतिरिक्त विद्यालय के बैंड को उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए विशेष प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बीएचईएल के प्रबंध निदेशक द्वारा डीपीएस रानीपुर के मेधावी विद्यार्थियों प्रज्ञन्या सक्सेना, विक्रांत सिंह भदौरिया, सृष्टि कुमारी एवं मान्या चौहान को कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया।

प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने सम्मानित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां न केवल विद्यालय बल्कि उनके अभिभावकों एवं समस्त विद्यालय परिवार के लिए भी गर्व का विषय हैं।

समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, एकता एवं देश के प्रति समर्पण की भावना के साथ हुआ।









