- मंगलौर में मिली सिरकटी लाश का खुलासा, बेटी और प्रेमी गिरफ्तार
न्यूज 127, हरिद्वार।
मंगलौर में नहर किनारे मिले सिर कटे शव की गुत्थी पुलिस ने 18 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए हत्यारी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने महिला को ब्रेजा कार में बैठाकर हरिद्वार जाने की बात कही और रास्ते में उसकी हत्या कर शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ब्रेजा कार और चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त को मंगलौर कोतवाली पुलिस को पुराना मंगलौर नहर पुल के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए रुड़की मोर्चरी भेजा गया। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पहचान के प्रयास के बाद अरविंद निवासी ओली माजरा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर ने शव की पहचान अपनी पत्नी कविता के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्याकांड की जांच शुरू की।
घटना का खुलासे करने के लिए किया गया चार टीमों का गठन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया। टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में करीब 216 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक ब्रेजा कार संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दी। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से कार की तलाश शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस के सामने हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आ गई। पुलिस के अनुसार, मृतका की बेटी उन्नति का जनपद मेरठ के आकाश चौहान के साथ प्रेम प्रसंग था। मृतका अपनी बेटी को इस रिश्ते को लेकर बार-बार समझाती थी।
प्रेम संबंध में मां के बाधा बनने पर रची हत्या की साजिश
पुलिस का दावा है कि प्रेम संबंध में मां को बाधा मानते हुए बेटी उन्नति ने अपने प्रेमी आकाश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। कार में बैठाकर ले गए, रास्ते में कर दी हत्या पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने महिला को बुढ़ाना से ब्रेजा कार में बैठाया और हरिद्वार जाने की बात कही। रास्ते में दोनों ने महिला को पकड़ लिया और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मंगलौर नहर पुल के पास फेंककर दोनों फरार हो गए।
प्रेमी और बेटी दोनों गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश चौहान पुत्र रविंद्र निवासी दुल्हैड़ा, पल्लवपुरम, मेरठ और उन्नति पुत्र अरविंद निवासी ग्राम ओली माजरा, बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार संख्या UP14EZ-5346 और चाकू बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। हत्याकांड के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक भगवान मेहर, उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक जगमोहन रमोला, उपनिरीक्षक अशोक सिवाल और महिला आरक्षी अंजू शामिल रही।








