न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों और परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने का काम तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बुधवार को लक्सर, रुड़की और मंगलौर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बस अड्डों के नवीनीकरण, सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्यों की प्रगति तथा गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
रुड़की-मंगलौर बस स्टैंड होंगे मजबूत
रुड़की और मंगलौर में बस स्टैंड के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला मद से रुड़की के लिए 100 लाख रुपये और मंगलौर के लिए 69.89 लाख रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। अपर मेलाधिकारी ने दोनों परियोजनाओं को अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए दोनों परियोजनाओं में इस्तेमाल निर्माण सामग्री के नमूने मौके पर ही तृतीय पक्ष जांच के लिए एकत्र कराए गए।
सड़क की खुदाई कर परखी गुणवत्ता
इसके बाद अपर मेलाधिकारी ने पतंजलि योगपीठ से सहदेवपुर-दीनारपुर-सुभाषगढ़ होते हुए पुरकाजी-लक्सर-ज्वालापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फेरूपुर तक प्रस्तावित डेढ़ लेन सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए मौके पर खुदाई कर निर्माण सामग्री, सड़क की परत की मोटाई और चौड़ाई की जांच कराई गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दीनारपुर नाले पर पुल निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी
मार्ग के किलोमीटर संख्या-7 पर दीनारपुर नाले पर निर्माणाधीन आरसीसी पुल का निरीक्षण करते हुए अपर मेलाधिकारी ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्य में तेजी लाते हुए पुल निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मानसून समाप्त होते ही सड़क पर ब्लैकटॉप का कार्य शुरू कर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि कुंभ मेले से पहले मार्ग पूरी तरह तैयार हो सके।
मंगलौर-लण्ढौरा मार्ग भी होगा डबल लेन
अपर मेलाधिकारी ने मंगलौर-लण्ढौरा मोटर मार्ग के इंटरमीडिएट लेन से डबल लेन में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की विभिन्न परतों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की मौके पर जांच कराई तथा आवश्यक नमूने एकत्र करवाए। अधिकारियों को शेष कार्य बिना किसी विलंब के पूरा करने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर तैयारी
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दौरान हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की संख्या में बड़ी वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में प्रमुख सड़कों, बस अड्डों और परिवहन सुविधाओं को समय रहते मजबूत करना जरूरी है।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने, परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और निर्माण गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेला अधिष्ठान के तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, सहायक अभियंता अतुल शांडिल्य, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनिल सैनी एवं गणेश दत्त जोशी, ग्रामीण निर्माण विभाग की सहायक अभियंता मेघा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








