- कृषि छात्रों को मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण, औद्योगिक अनुभव और उद्यमिता के अवसर
News 127, हरिद्वार
कृषि क्षेत्र में अध्ययनरत छात्रों के कौशल विकास, उद्यमिता को बढ़ावा देने और उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, हरिद्वार और ईको फास्ट एग्री सॉल्यूशंस के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
एमओयू पर ईको फास्ट एग्री सॉल्यूशंस के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसपी राठौर और संस्थान की प्राचार्या डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कृषि संकाय से डॉ. तनु चंद्रा और अशोक कुमार मौजूद रहे।
व्यावहारिक प्रशिक्षण और औद्योगिक अनुभव पर जोर
समझौते के तहत कृषि क्षेत्र के छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, औद्योगिक अनुभव, कौशल विकास, उद्यमिता के अवसर और नवाचार आधारित सीख उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। छात्रों को कृषि एवं औद्योगिक क्षेत्र में विकसित हो रहे नए समाधानों, तकनीकों और कार्यप्रणालियों से भी परिचित कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है, ताकि वे शिक्षा के साथ-साथ वास्तविक कार्यक्षेत्र की चुनौतियों को समझ सकें और रोजगार के साथ उद्यमिता के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
शिक्षा के साथ मिलेगा वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव
संस्थान के चेयरमैन संदीप चौधरी ने एमओयू के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उद्योग और शिक्षण संस्थान के बीच इस तरह का सहयोग छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव मिलेगा और उनमें रोजगारपरक कौशल एवं उद्यमिता की भावना विकसित होगी।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना और उन्हें व्यावहारिक अनुभव देना उच्च शिक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। एचईसी कॉलेज और ईको फास्ट एग्री सॉल्यूशंस के बीच हुआ यह समझौता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








