न्यूज 127, (जोजो, मेरठ):
मेरठ की चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली एक छात्रा ने यूपी पुलिस के एक दरोगा पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। यह दरोगा मेरठ में ही तैनात बताया गया है। छात्रा की लिखित तहरीर के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ड्यूटी के दौरान हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार आरोपी दरोगा मेडिकल थाना क्षेत्र की तेजगढ़ी चौकी पर तैनात है। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान यूनिवर्सिटी में उसकी छात्रा से मुलाकात हुई थी। दरोगा बहाने से उससे फोन पर बात करने लगा। इस तरह दोनों में नजदीकियां हो गई। आरोप है दरोगा ने शादी का झांसा देकर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
फ्लैट में बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप
छात्रा का आरोप है कि दरोगा ने उसे अपने साथी दरोगा के फ्लैट पर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी दरोगा पर बीएनएस की धारा 69 और 351/3 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोपी दरोगा छुट्टी लेकर फरार
एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी दरोगा छुट्टी लेकर फरार बताया जा रहा है। घटना स्थल भावनपुर थाना क्षेत्र के भोपाल विहार का बताया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।








