न्यूज 127, हरिद्वार।
कांवड़ मेले के दौरान सैनी आश्रम के पास हुई चेन झपटमारी की घटना का ज्वालापुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बेगमपुर क्षेत्र में झाड़ियों से पीली धातु की चेन बरामद की है।
बतादें कि बीती 3 अगस्त को नंदपुरी कॉलोनी निवासी अश्वनी खुराना ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सैनी आश्रम के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनके भाई के गले से चेन झपट ली और फरार हो गए। मामले में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम और सीआईयू ने इलेक्ट्रॉनिक डाटा के साथ मैनुअल पुलिसिंग के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार पूछताछ और सुरागरसी के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शिवम गुप्ता और राहुल को बेगमपुर, बहादराबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शिवम गुप्ता के खिलाफ चोरी, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट सहित 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी राहुल के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कारवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।








